एटा। क्षेत्र के 11 केंद्रों पर सोमवार से तीन दिवसीय पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। 10 जून तक होने वाली पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में करीब 21 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। वहीं इसके लिए पुलिस-प्रशासन ने कड़ी निगरानी की व्यवस्था की है। यहां चप्पे-चप्पे पर पुलिस रहेगी। चेकिंग व्यवस्था कड़ी रखी जाएगी। इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ट्रैकर से चेकिंग के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
एएसपी श्वेताभ पांडेय ने बताया कि जिले में 8, 9 व 10 जून को आयोजित होने वाली आरक्षी भर्ती परीक्षा 11 परीक्षा केंद्रों दो पालियों में आयोजित की जाएगी। बताया कि पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश सुबह 8 बजे से दिया जाएगा। प्रवेश देने से पहले उनकी इलेक्टॉनिक डिवाइस ट्रैकर से चेकिंग की जाएगी। दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। दूसरी पाली में परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थियों को दोपहर 1ः45 बजे से प्रवेश दिया जाएगा। बताया कि अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी की व्यवस्था, परीक्षा कक्षों की तैयारियों, सुरक्षा प्रबंधों व अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया जा चुका है। परीक्षा केंद्र के आस-पास कोई भी बाहरी व्यक्ति नहीं जा सकेगा। बायोमेट्रिक चेकिंग होगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूर्ण निष्पक्षता व पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को पूरी सतर्कता व जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। सर्विलांस और साइबर टीम को भी सक्रिय किया गया है।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
निधौली कलां मार्ग स्थित अविनाशी सहाय आर्य इंटर कॉलेज, आगरा रोड स्थित क्रिश्चियन एग्रीकल्चरल इंटर कॉलेज, सकीट रोड स्थित राजकीय इंटर कॉलेज, सहावर रोड स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज लालगढ़ी, शांति नगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जीटी रोड स्थित जवाहर लाल नेहरू महाविद्यालय, श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज, महारानी लक्ष्मीबाई बालिका इंटर कॉलेज, गांधी मार्केट स्थित प्रिंटिस गर्ल्स इंटर कॉलेज, सहावर रोड स्थित रोहन लाल चतुर्वेदी सर्वोदय इंटर कॉलेज, सकीट रोड स्थित वार्ष्णेय इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
21 हजार बाहरी अभ्यर्थियों के लिए अलर्ट मोड पर बस, बनाई गई हेल्प डेस्क
एटा। पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन व परिवहन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में तीन दिनों तक चलने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए शहर में 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में गैर जिलों से लगभग 21 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे।
अभ्यर्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए रोडवेज निगम ने सभी बसों को अलर्ट मोड पर रखा है। कानपुर, मेरठ, इटावा, मैनपुरी, आगरा सहित विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के एटा पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। एटा डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक नरेश कुमार गुप्ता ने बताया कि परीक्षा को लेकर बस संचालन की विशेष व्यवस्था की गई है। रविवार शाम छह बजे से ही अतिरिक्त बसों की रवानगी शुरू कर दी गई है तथा प्रत्येक 20 मिनट के अंतराल पर बसें संचालित की जा रही हैं। इसके लिए चालक एवं परिचालकों की ड्यूटी भी निर्धारित कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। बस स्टैंड पर स्थापित हेल्प डेस्क 24 घंटे सक्रिय रहेगी, जहां अभ्यर्थी अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं। किसी भी परेशानी की स्थिति में जारी हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
बस स्टैंड पर बनी हेल्प डेस्क
गैर जिले से आने वाले अभ्यर्थियों की सहायता के लिए बस स्टैंड हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं। इन हेल्प डेस्कों पर कर्मचारियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा होने पर संबंधित अधिकारियों एवं हेल्प डेस्क से तत्काल संपर्क करने की सलाह दी गई है।
अभ्यर्थियों की मदद के लिए प्रमुख स्थलों पर तैनात रहेंगे सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक
एटा। सोमवार से शुरू हो रही तीन दिवसीय आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती परीक्षा को सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में सहायता देने के लिए बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, जलेसर रोड तिरारा और अलीगंज तिराहे समेत प्रमुख स्थानों पर नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) के स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है।
जिलाधिकारी अरविंद सिंह और एडीएम प्रशासन संगम लाल के निर्देशन में स्वयंसेवक अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों की जानकारी देने, मार्गदर्शन करने और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का कार्य करेंगे। उप जिलाधिकारी व उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा अनवर राशिद फारुखी ने स्वयंसेवकों को निर्धारित समय पर ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहने व अभ्यर्थियों के प्रति सहयोगात्मक व्यवहार रखने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने परीक्षा को पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए अभ्यर्थियों व उनके परिजनों से प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं का लाभ उठाने की अपील की है।