एटा। थाना कोतवाली नगर में देवेंद्र सिंह निवासी गढ़िया माखन थाना जैथरा ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि 15 मार्च को बल्लभगढ़ से घर आ रहा था। रास्ते में जहरखुरानी गिरोह के सदस्यों ने शिकार बनाकर एक एंड्रॉयड फोन और 50,000 रुपये निकाल लिए।
देवेंद्र सिंह ने बताया कि वह बल्लभगढ़ में रहकर नौकरी करता है। होली का त्योहार मनाने के लिए 15 मार्च को शाम के समय बुद्धविहार डिपो की बस में बल्लभगढ़ से एटा के लिए बैठा था। रास्ते में जहरखुरानों ने अपना शिकार बना लिया। बताया कि सिकंदराराऊ से एटा के बीच कुछ खिलाया-पिलाया गया। बैग में रखे हुए 50,000 रुपये और एक एंड्रॉयड फोन लेकर जहरखुरान भाग गए। बेहोशी की हालत में एटा बस स्टैंड पर डाल दिया गया। वहां से किसी व्यक्ति ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहां उपचार के बाद सेहत में सुधार हुआ। स्वास्थ्य सही होने पर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ सिटी अमित कुमार राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच करते हुए जहरखुरानी गिरोह के बारे में पता किया जा रहा है।