एटा। प्रभारी जिलाधिकारी साहब सिंह ने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के प्रयास करें। जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। ग्रामीण क्षेत्रों का विशेष ध्यान रखा जाए। जननी शिशु सुरक्षा, नियमित टीकाकरण, पोलियो जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लक्ष्यों को शत प्रतिशत होना आवश्यक है। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का सीडीपीओ द्वारा निरीक्षण करने के बाद रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। लक्ष्य में पिछड़ने पर मारहरा प्रभारी चिकित्साधिकारी को चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाएं, अन्यथा कार्यवाही की जाएगी।
प्रभारी जिलाधिकारी गुरुवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में बाल स्वास्थ्य पोषण, जिला टास्क फोर्स एवं स्वास्थ्य समिति की बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों को निर्देशित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बाल स्वास्थ्य पोषण माह के रूप में जून माह मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत नौ माह के पांच वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए की खुराक देना, स्तनपान को बढ़ावा, कुपोषित बच्चों की पहचान, आयोडीन युक्त नमक के प्रयोग आदि पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जेएसवाई को सभी गंभीरता से लें, जिनके खाते नहीं खुले हैं, उन लाभार्थियों के खाते आदि खुलवाये जाएं।
बैठक में एसीएमओ डा. एसएस पांडेय, डब्लूएचओ के डा. अर्जित, गणेश पांडेय, डीपीओ, सीडीपीओ सभी एमओआईसी आदि मौजूद थे।