एटा। राजस्व लेखपाल के पद पर भर्ती कराने के एवज में 3 लाख रुपये लेने का आरोप एक व्यक्ति ने हरदोई में तैनात दरोगा पर लगाया है। नौकरी न लगने और मांगने पर रुपये भी वापस ने करने पर पीड़ित ने अदालत के आदेश पर थाना मलावन में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
गांव दलेलपुर निवासी शंकर लाल ने रिपोर्ट में लिखा है कि 22 नवंबर 2015 से 15 फरवरी 2025 के बीच हरदोई में तैनात उप निरीक्षक सभा नारायण सिंह ने 3 लाख रुपये लिए। आरोप लगाया है कि बेटे आदित्य को लेखपाल की पद पर भर्ती कराने की बात कहकर रुपये लिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब बेटे की नौकरी नहीं लगी तो रुपये वापस मांगे। इस पर सभा नारायण सिंह ने धमकी देते हुए रुपये वापस करने से मना कर दिया। वर्तमान में भी सभा नारायण सिंह उपनिरीक्षक के पद पर जनपद हरदोई में तैनात हैं। सीओ सकीट कीर्तिका सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गहनता के साथ छानबीन की जा रही है। जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।