एटा। थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव कुतुबपुर में एक महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतारा। बताया गया है कि पति सुबह मजदूरी करने गया था, बच्चे घर से बाहर थे। उसी समय महिला ने फंदा लगा लिया।
थाना प्रभारी पिलुआ प्रेमपाल सिंह ने बताया कि गांव कुतुबपुर में प्रेमलता (28) ने सोमवार को कमरे के अंदर फंदा लगाकर जान दे दी। इसका पति मोहनलाल कभी राजमिस्त्री तो कभी मजदूरी आदि काम करता है। अक्सर शराब भी पी लेता है। वह सोमवार की सुबह मजदूरी करने सिकंदराराऊ गया हुआ था। बच्चे घर के बाहर खेलने चले गए तो प्रेमलता ने चादर फाड़कर फंदा बनाया और कमरे के अंदर घुसकर दरवाजा बंद कर लिया।
इसके बाद छत में लगे लोहे के कुंदे में फंदा लगाकर लटक गई। जब तक बच्चों ने देखा और शोर मचाया, उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को फंदे उतारा। पति के शराब पीने की वजह से महिला परेशान रहती थी। हो सकता है इसी बात के चलते उसने फंदा लगा लिया हो। सीओ सदर संजय कुमार ने बताया कि पति और मायके वालों को सूचना दी गई। इन लोगों के आने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है।