एटा। चौहरे हत्याकांड के मामले में एसआईटी लगातार गहनता के साथ जांच कर रही है। मकान के पीछे की दिशा में ऊपर से रस्सी डालकर उसकी ऊंचाई मापी गई है। इसके अलावा अन्य भी कई तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
कोतवाली नगर क्षेत्र के शिकोहाबाद रोड स्थित नगला प्रेमी में 19 जनवरी को चार लोगों की ईंट से कूचकर हत्या कर दी गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज पर अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतक गंगा सिंह का बेटा कमल सिंह ही आरोपी पाया गया। जो कि वर्तमान में जेल के अंदर है। एसआईटी प्रभारी सीओ सकीट कीर्तिका सिंह ने बताया कि मामले में छानबीन की जा रही है। घटना के बारे में हर पहलू को ध्यान में रखते हुए तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इसी के तहत मकान के पीछे के दरवाजे के ऊपर से छत तक की ऊंचाई आदि को देखते हुए रस्सी डालकर माप ली गई। सभी तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को एक पेन ड्राइव में सुरक्षित रखा जा रहा है। जल्द ही मामले में चार्ज शीट दाखिल की जाएगी।