मृतक सीआरपीएफ जवान प्रेम सिंह का फाइल फोटो ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। जैथरा थाना क्षेत्र के गांव नगला बलदेव से सोमवार को एक युवक की बरात सहावर थाना क्षेत्र के गांव पटना में गई। जहां द्वारचार के समय बरात में शामिल दूल्हे के चाचा अचानक चक्कर खाकर गिर पड़े। परिजन व रिश्तेदार उन्हें लेकर एटा मेडिकल कॉलेज आए। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
गांव नगला बलदेव से सोमवार को शिवम की बरात कासगंज जनपद के सहावर थाना क्षेत्र के गांव पटना में रामनरेश के यहां गई थी। पोस्टमार्टम हाउस पर मंगलवार को नगला बलदेव के लोगों ने बताया कि बरात में शामिल होने के लिए प्रयागराज से शिवम के चाचा 52 वर्षीय प्रेमसिंह दोनों बेटों के साथ आए थे। रात करीब 12.30 बजे द्वारचार की रस्म हो रही थी। इस दौरान अचानक प्रेमसिंह गिर पड़े। उनके गिरते ही लोगों ने उन्हें संभाला और हाथ-पैर की मालिश की, लेकिन हालत में कोई सुधार न होने पर उन्हें गाड़ी से मेडिकल कॉलेज लाए। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सीआरपीएफ के जवान थे प्रेमसिंह
ग्रामीणों ने बताया कि प्रेमसिंह सीआरपीएफ के जवान थे। इन दिनों उड़ीसा में तैनात थे। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई के चलते प्रयागराज में घर बना लिया था। शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर आए थे। उड़ीसा में उनकी मृत्यु की सूचना दे दी गई है।