एटा। शहर के पटियाली गेट क्षेत्र से अलीगंज रोड की ओर जाने वाले लोगों को जल्द ही जर्जर सड़क से निजात मिलने वाली है। लंबे समय से खराब पड़े मार्ग के निर्माण को नगर पालिका ने मंजूरी दे दी है। कशावर खाने से पटियाली गेट पुलिस चौकी तक सड़क का सीसी निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए 64 लाख रुपये से अधिक की लागत प्रस्तावित है।
पटियाली गेट से अलीगंज रोड की ओर जाने वाला मार्ग काफी समय से बदहाल था। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। पहले चरण में कशावर खाने से अलीगंज रोड तक सीसी सड़क का निर्माण कराया जा चुका है। अब शेष हिस्से के निर्माण को भी मंजूरी मिल गई है। सीसी निर्माण हो चुके मार्ग के दोनों ओर इंटरलॉकिंग का काम भी जल्द शुरू कराया जाएगा।
लोगों का कहना है कि सड़क खराब होने के कारण ई-रिक्शा और अन्य वाहनों से सफर करना मुश्किल हो गया था। जगह-जगह गड्ढों के कारण वाहन हिचकोले खाते हुए निकलते थे। सड़क बनने के बाद क्षेत्र के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। नगर पालिका की ओर से निर्माण को मंजूरी मिलने पर लोगों ने खुशी जताते हुए पालिकाध्यक्ष का आभार व्यक्त किया है।