एटा। अलीगंज मार्ग पर गांव पवांस के पास सोमवार की देर शाम ऑटो और बस की टक्कर हो गई। दुर्घटना में एक किशोर की मौत हो गई। मृतक के घर में बड़े भाई की शादी की तैयारियां चल रहीं थीं जो मातम में बदल गईं। हादसे में 2 अन्य यात्री घायल हो गए। दूसरी सड़क दुर्घटना में गांव रामपुर घनश्याम के पास कार की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई।
कोतवाली देहात के गांव पवांस निवासी सुनील कुमार ने बताया कि भतीजा सागर (17) बाजार करके ऑटो में बैठकर घर लौट रहा था। गांव के पास पहुंचते ही रोडवेज बस से ऑटो की टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही चीख-पुकार मच गई तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ऑटो में फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला और मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने सागर को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो यात्री पंचम सिंह और जतिन को आगरा रेफर किया गया है।
दूसरे सड़क हादसे में मां को ननिहाल छोड़कर लौट रहे युवक की बाइक कार की चपेट में आने से मौत हो गई। शहर के मोहल्ला किदवई नगर निवासी मोहम्मद शादिक ने बताया कि भाई अब्दुल नसीर गांव कुठिला रामनगर में मां को ननिहाल छोड़कर लौट रहा था। रास्ते में गांव रामपुर घनश्याम के पास कार की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देते हुए एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने अब्दुल को मृत घोषित कर दिया।
22 को तय है भाई की शादी
सुनील कुमार ने बताया कि भतीजे सागर की मौत के बाद घर में चल रही शादी की खुशियां गम में बदल गईं। बताया कि मंगलवार को मृतक के भाई हर्ष की सगाई थी। इसकी 22 नवंबर को बरात जानी है। सागर की मौत के बाद घर में दुख का माहौल है। हर कोई दुखी है। पिता बेटे को याद कर बार-बार रोते हुए बेहोश हो रहे हैं। शादी के मंगलगीत की जगह घर में करुण क्रंदन गूंज रहा है।