संवाद न्यूज एजेंसी
एटा। गांव उभई असदनगर में निकाह के तीन दिन बाद बुधवार को दुल्हन ससुराल पहुंची। 6 दिसंबर को भात के कार्यक्रम में गोली चलने से एक रिश्तेदार बालक व एक किशोर की मौत हो गई थी।
इसके बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया। दूसरे की तलाश की जा रही है। घटना के बाद घर में मातम पसर गया था। निकाह के बाद दूल्हा-दुल्हन को सुसराल नहीं बुलाया गया था। थाना नयागांव के उभई असदनगर निवासी सलमान की 7 दिसंबर को शादी थी। उससे एक दिन पूर्व घर में भात की रस्म चल रही थी। तभी दुनाली बंदूक की गोली चलने से 12 वर्षीय सोहिल और उसका चाचा शाहरुख घायल हो गया।
इसमें साहिल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि शाहरुख ने आगरा में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
अगले दिन 5 लोगों के साथ सलमान की बरात गई और औपचारिकता के साथ निकाह की रस्म हुई। इसके बाद परिजन दूल्हा और दुल्हन को वहीं छोड़ आए थे। माहौल सामान्य होने पर निकाह के तीन दिन बाद बुधवार को दंपती (सलमान व उसकी पत्नी) को गांव में लाया गया। सीओ अलीगंज नितीश गर्ग ने बताया कि गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है।