अलीगंज क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय लड़सिया की टूटी बाउंड्रीवाल। संवाद
अलीगंज। क्षेत्र के गांव लड़सिया स्थित प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूल की पुरानी चारदीवारी अचानक भरभराकर गिर पड़ी। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे बच्चे और शिक्षक सहम गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण भी घबराकर दौड़ते हुए स्कूल पहुंच गए और बच्चों का हाल-चाल जाना।
शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे विद्यालय में रोज की तरह शिक्षण कार्य चल रहा था। प्रधानाध्यापक और अन्य शिक्षक कक्षाओं में बच्चों को पढ़ा रहे थे, तभी अचानक दीवार गिरने की जोरदार आवाज से स्कूल परिसर में खलबली मच गई। गनीमत यह रही कि हादसे के समय दीवार के आसपास कोई छात्र मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। प्रधानाध्यापक ने तत्काल इसकी सूचना खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार को दी। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण पुरानी दीवार की नींव में पानी भर गया था, जिससे वह कमजोर हो गई और ढह गई। वहीं, बीईओ विनोद कुमार ने बताया कि विद्यालय की दीवार काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी थी। मामले का निरीक्षण कराकर जल्द ही नई दीवार का पुनर्निर्माण कराया जाएगा, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।