एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र के कचहरी रोड स्थित बॉबी डेयरी पर चोरी की नीयत से पहुंचे तीन युवकों को डेयरी संचालक और स्थानीय लोगों ने रंगे हाथों दबोच लिया। आरोप है कि ये शातिर इससे पहले भी चार बार डेयरी से दूध के पैकेट चुरा चुके हैं, जिनकी करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। शुक्रवार सुबह जब वे पांचवीं बार चोरी करने पहुंचे, तो लोगों ने उन्हें घेरकर जमकर पीटा और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कचहरी रोड स्थित डेयरी संचालक यश गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार उनकी दुकान पर हर रोज सुबह 4 से 5 बजे के बीच दूध के पैकेट आते हैं। वह सुबह करीब 5 बजे अपनी दुकान पर आ रहे थे तभी दुकान पर तीन युवकों को चोरी करते हुए देख लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से चोरों को घेर लिया और मौके पर ही पकड़ लिया। इस दौरान अन्य लोगों की भीड़ जमा हो गई। आरोप है कि इससे पहले भी चार बार डेयरी से दूध के पैकेट चोरी किए थे। ये सभी घटनाएं सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थीं। यश गुप्ता ने तीनों के खिलाफ कोतवाली नगर में प्राथमिकी दर्ज कराई है। गौरतलब है कि इससे पहले भी दुकान पर चोरी होने की सीसीटीवी फुटेज वायरल हुई थी। चोरों की पहचान बनवारी निवासी तहसील के सामने, विष्णु निवासी भगीपुर और अर्जुन निवासी हिंदू नगर के रूप में हुई है। कोतवाली नगर प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पवार ने बताया कि आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संवाद