सकीट में निकाली गई तिरंगा यात्रा में मौजूद सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड व अन्य।
- फोटो : सकीट में निकाली गई तिरंगा यात्रा में मौजूद सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड व अन्य।
सकीट। पहलगाम की आतंकी घटना के जवाब में भारतीय सेना की कार्रवाई से उत्साहित होकर मंगलवार को नगर में शौर्य तिरंगा यात्रा निकालकर भारतीय सेना को नमन किया गया। देश भक्ति से लबरेज युवा मारी चोट ठिकाने पर बम गिरे सब निशाने पर, नव भारत का जलवा देखा पाकिस्तान का मलबा देखा आदि नारे लगा रहे थे।
नगर के आसपुर अड्डा स्थित शिशु वाटिका स्कूल से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया गया। जो मोहल्ला पीपलटोला, मानिक चंद्र तिराहा, कैलाश चंद्र तिराहा, मुख्य बाजार होते हुए नगर की सभी मुख्य मार्ग से गुजरी। नगर में कई जगह पुष्पवर्षा कर इसका स्वागत किया गया। लोगों को संबोधित करते हुए सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता पहलगाम की घटना का करारा जवाब है।
ऑपरेशन सिंदूर देश के गौरव, आत्मसम्मान और वीरता का उत्सव है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के शौर्य की चर्चा पूरे विश्व में हो रही है। इसलिए सेना के सम्मान में इस तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया है।
भाजपा नेता गौतम सिंह सराफ ने कहा पाकिस्तान में घुसकर उसको तबाह करने के लिए तीनों सेनाओं के शौर्य और पराक्रम पर पूरे देश को गर्व है। तिरंगा यात्रा में डीजे पर बज रहे देशभक्ति के गीतों ने युवाओं का जोश और भी बढ़ा दिया। अमित जैन, उमाशंकर राजपूत, ब्रह्मप्रकाश वार्ष्णेय, संदीप कुमार, अमित राजपूत, आनंद किशोर वार्ष्णेय, बकील अंसारी, सुबोध दीक्षित आदि लोग मौजूद रहे।