जलेसर में जात की भीड़ से लगे जाम में फंसी एंबूलेंस। संवाद
जलेसर। नगर में शनिवार को सीएचसी से 100 मीटर की दूरी पर एक एंबुलेंस 45 मिनट तक जाम में फंसी रही। इसमें मौजूद गर्भवती दर्द से तड़पती रही। जाम खुलवाने को एंबुलेंस चालक ने 112 डायल पर प्रयास किया, लेकिन कॉल रिसीव न होने पर जाम खुलने तक इंतजार करना पड़ा।
प्रत्येक शनिवार को नगर में छोटे मियां-बड़े मियां और शनि मंदिर की जात होने पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह गड़बड़ा जाती है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने पर पूरे नगर में जाम के हालात रहते हैं। शनिवार को मोहल्ला छत्ता की छोटी दरगाह पर जबरदस्त भीड़ थी। इसौली चौराहे की ओर से आ रही एंबुलेंस सीएचसी से 100 मीटर पहले जाम में फंस गई। ईएमटी अंकित ने बताया इससे पहले एक अन्य मरीज को लेकर 35 मिनट तक जाम में फंसा रहा। हर शनिवार को परेशानी होने पर दरगाह कमेटी के लोगों से व्यवस्था बनाने को कहा गया है, ताकि जाम न लगे।