कोसमा में कार्यक्रम के दौरान इंद्र इंद्राणी का पूजन करते लोग। संवाद
जलेसर। कोसमा में आयोजित सात दिवसीय पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के तीसरे दिन रविवार को गर्भ कल्याणक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आचार्य महाराज के सानिध्य में अष्ट कुमारिओं ने चंद्रपुरी नगरी की परिक्रमा लगाते हुए नवनिर्मित नवग्रह मंदिर तक कलश यात्रा निकाली। कलश यात्रा के बाद 81 कलशों एवं दिव्य औषधियों से वेदी शुद्धि की गई।
मंदिर परिसर में प्रोक्षण विधि, शिखर शुद्धि एवं मंदिर के बाहरी क्षेत्रों में दसों दिशाओं की यज्ञ बेदियों पर जाप अनुष्ठान व हवन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वात्सल्य रत्नाकर आचार्य 108 विमल सागर महाराज के पंचामृत अभिषेक एवं गुरु पूजन से हुआ।
तत्पश्चात सर्वांग भूषण आचार्य श्री 108 चैत्यसागर महाराज के प्रवचन हुए। गर्भ कल्याणक संस्कार कार्यक्रम में दोपहर को तीर्थंकर भगवान की माता एवं पिता की गोद भराई की रस्म में भक्तों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया।
रात में आयोजित सौधर्म इंद्र सभा में माता ने 16 स्वप्न देखे। इसमें अष्ट कुमारियों ने माता की सेवा करते हुए मंगल स्नान, वस्त्राभरण जिनमाता को भेंट किए। सौधर्म के आवास पर बैंडबाजों के साथ मंगलमय आरती हुई।
कार्यक्रम में भोपाल के संगीतकार रामकुमार एंड पार्टी के भजनों का श्रद्धालुओं ने जमकर आनंद लिया। धार्मिक अनुष्ठान में कोलकाता के पं. आनंद प्रकाश शास्त्री, एसडीएम भावना विमल, मुंबई के आरके जैन, विजय चूड़ीवाल, ग्वालियर के शांतिलाल एवं संजय जैन, राजेश काला, वैभव बजाज आदि लोग मौजूद रहे।