अलीगंज तहसील क्षेत्र के गांव खरसेला में चकमार्ग से कब्जा हटवाती टीम।
- फोटो : अलीगंज तहसील क्षेत्र के गांव खरसेला में चकमार्ग से कब्जा हटवाती टीम।
अलीगंज। तहसील क्षेत्र के गांव खरसेला में चकमार्ग पर काबिज सगे भाइयों को खदेड़ प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की है। चकमार्ग पर काबिज अन्य लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी।
क्षेत्र के अधिकांश गांव में चकमार्ग पर दबंग काबिज हैं। इन शिकायतों पर मंगलवार को नायब तहसीलदार हिमांशु पांडेय सीओ सुधांशु शेखर के साथ क्षेत्र के गांव खरसेला पहुंचे। राजस्व एवं पुलिस टीम को देख लोगों में खलबली मच गई। राजस्व टीम ने पैमाइश कर चकमार्ग पर काबिज सगे भाई शीशपाल एवं भंवरपाल का अतिक्रमण हटा दिया। तहसीलदार ने दोनों भाइयों को चेतावनी दी कि भविष्य में शिकायत मिलने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चकमार्ग पर अतिक्रमण होने से ट्रैक्टर-बुग्गी नहीं निकल पा रहे थे। इससे गांव के लोग परेशान थे। गांव के लोगों की शिकायत पर प्रशासन ने कार्रवाई की है। नायब तहसीलदार ने बताया कि क्षेत्र के अधिकांश गांव में चकमार्गों पर अतिक्रमण है। चकमार्ग पर काबिज सभी लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई है। लेखपाल सुशील, रूपेंद्र, शिवम, राजस्व निरीक्षक चंद्रकांत, विनोद सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।