शिकोहाबाद रोड स्थित टेंट की दुकान और गोदाम में शनिवार अल-सुबह आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। दुकान के आसपास रहने वाले परिवार घरों से बाहर निकल कर खड़े हो गए। सूचना पर पहुंच दमकल ने आग पर काबू पाया। आग में तीन लाख रुपये कीमत का सामान जलकर राख हो गया। मालिक ने रंजिशन आग लगाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बापूनगर निवासी बृजेश उपाध्याय उर्फ बॉबी की शिकोहाबाद रोड पर टेंट की दुकान और गोदाम है। शनिवार अल-सुबह दुकान में लगी आग देखते ही देखते ऊंची लपटों में तब्दील हो गई। आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास कालोनी में रहने वाले लोग आग फैलने के डर से अपने घरों से बाहर निकल कर मैदान में आकर खड़े हो गए। सूचना पर पांच बजे पहुंचे टेंट मालिक ने फोन पर सूचना देकर दमकल को बुलाया। लेकिन जब तक दमकल ने आग पर काबू पाया तीन लाख रुपये से अधिक का सामान जल कर राख हो चुका था। उपाध्याय की माने तो गोदाम में शार्टसर्किट से आग नहीं लगी, बल्कि किसी ने रंजिशन आग लगाई है। पीड़ित टेंट मालिक ने अज्ञात लोगाें के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।