पालिका की अनदेखी के कारण कूड़ा डाले जाने की वजह से आधी सड़क ही गायब हो गई है। नाले का आकार दो फुट से बढ़कर 15 फुट हो गया। सीसी सड़क निर्माण में लगाई गई गुणवत्ता पूर्ण सामग्री की पोल खुल गई है, लेकिन अब तक पालिका अधिकारी संज्ञान लेने में दिलचस्पी लेते नजर नहीं आ रहे।
शहर के प्रमुख रिहायशी क्षेत्र कटरा मोहल्ला में आधी सीसी सड़क नाले में समा गई है। आलम यह है कि सड़क मार्ग का आधा हिस्सा नाले में जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। दरअसल, कटरा मोहल्ला स्थित केंद्रीय कृषि केंद्र के बाहर कूड़ा पड़ता है। सफाईकर्मी पूरे क्षेत्र का कूड़ा यहीं लाकर पटक देते हैं। जिस पर पूरे दिन आवारा जानवरों का जमावड़ा रहता है और बदबू फैलती है। कूड़ा डाले जाने के चलते सड़क कट कटकर नाले में तब्दील हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक पालिका ने कटरा मोहल्ला मार्ग का सीसी निर्माण तीन साल पहले 18 लाख रुपये से कराया गया। अब आलम यह है कि सड़क के नाले में तब्दील हो जाने से रात के अंधेरे में आए दिन हादसे होते हैं। सड़क मार्ग जर्जर होने से कभी रिक्शा तो कभी लोग गड्ढे में गिर जाते हैं। वहीं जहां कचरा पड़ता है, इसके ठीक सामने शिव मंदिर भी है। जिससे श्रद्धालुओं को दिक्कत होती है। कई बार स्थानीय वाशिंदों ने पालिका और प्रशासन से कूड़ा घर हटवाने की गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी। कटरा मोहल्ला निवासी भोले शंकर उपाध्याय कहते हैं कि मोहल्ला में कूड़ाघर होने से दिक्कत होती है। सड़क मार्ग नाले में समा गया है। शकील अहमद कहते हैं कि सबसे ज्यादा दिक्कत रात के समय में होती है। कई बार पालिका अधिकारियों से गुहार लगाई है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पालिका के अधिशासी अधिकारी संतराम सरोज ने बताया कि कटरा मोहल्ला क्षेत्र की समस्या की लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई। शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई करेंगे।