गांव झिनवार में प्रवेश द्वार पर लगे झंडे उतारता युवक।
- फोटो : गांव झिनवार में प्रवेश द्वार पर लगे झंडे उतारता युवक।
जलेसर। निधौली कलां थाना क्षेत्र के गांव झिनवार में डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर लगाई गईं झंडियां उतारे जाने को लेकर मंगलवार को तनाव पैदा हो गया। एससी समाज के लोगों ने प्रधान पति सहित अन्य लोगों पर आरोप लगाते हुए सीओ जलेसर से कार्रवाई की मांग की है।
आंबेडकर जयंती पर 14 अप्रैल को उनके अनुयायियों ने गांव झिनवार में झंडियां लगाकर सजावट की थी। लोगों का आरोप है कि 28 अप्रैल को प्रधान पति दिनेश उपाध्याय और उनके समर्थकों ने झंडियां उतारकर नाली में फेंक दी। विरोध किए जाने पर गालियां देते हुए बाबा साहब पर अभ्रद टिप्पणी की। गांव के मानिक चंद्र ने शिकायत करते हुए बताया कि इसकी रिकॉर्डिंग भी है। आरोपियों की इस हरकत से पूरे दलित समाज को ठेस पहुंची है। आवेश में आरोपियों ने पूर्व में खंडित हुई आंबेडकर की मूर्ति की जिम्मेदारी भी ली है।
प्रधान पति ने बताया कि उनकी संपत्ति पर झंडियां लगाई गई थीं। आयोजन के बाद इन्हें हटा दिया गया। सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि झिनवार गांव के प्रवेश द्वार पर आंबेडकर जयंती पर झंडियां लगाई गईं थीं। प्रधान पति के अनुसार उनकी निजी संपत्ति पर झंडियां लगाई गईं। जबकि गांव वाले इसको ग्राम सभा की भूमि बता रहे हैं। एसडीएम जलेसर को मामले की जांच कराने को कहा गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।