एटा। बाइक फिसलने से एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहां उपचार चल रहा है। अन्य सड़क हादसों में युवती सहित तीन लोग घायल हुए हैं।
थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव भोजपुर निवासी अजय ने बताया कि साली शिवानी निवासी नरहरा थाना कोतवाली को बाइक पर बैठाकर गांव ले जा रहा था। रास्ते में हाईवे पर गांव सुन्ना के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। इसकी वजह से शिवानी गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से अजय उसको मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर आया। यहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया।
इसके साथ ही कॉलेज जाते समय गांव सिंहपुर थाना रिजोर निवासी छात्र मनीष निजी बस से गिरकर घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में उपचार के बाद स्वास्थ्य लाभ होने पर परिजन घर ले गए। अन्य सड़क हादसे में गांव अंबरपुर थाना मिरहची निवासी सोनपाल और नरहरा निवासी शिखा भी घायल हो गए। सभी का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।