स्कूल आवंटन के लिए बीएसए कार्यालय पर इंतजार करते शिक्षक ।
- फोटो : ETAH
एटा। बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में बृहस्पतिवार को अंतरजनपदीय तबादले में बाहर से आने वाले शिक्षकों को स्कूल आवंटन किया जाना था। देर शाम तक सूची चस्पा नहीं होने की वजह से प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई। सकीट रोड स्थित बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अंतरजनपदीय तबादले में अन्य जनपद से आने वाले शिक्षकों को बृहस्पतिवार को स्कूल आवंटित किया जाना था। सुबह से ही शिक्षक बीएसए कार्यालय पहुंच गए। यहां पर उन्होंने विद्यालय की सूची की जानकारी ली तो पता चला कि सूची अभी तक दीवार पर चस्पा नहीं की गई है। सूची के इंतजार में शिक्षक सुबह से शाम तक इंतजार करते रहे।
खबर लिखे जाने तक सूची चस्पा नहीं हो सकी। बीएसए संजय सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को प्राइमरी विद्यालय के शिक्षकों को स्कूल आवंटन करना था, जिसमें 56 महिला शिक्षक और 19 पुरुष शिक्षक शामिल हैं। विद्यालय की सूची गलत प्रकाशित होने की वजह से चस्पा नहीं की गई। विद्यालय की सूची संशोधित कर शासन को भेजी गई है। वहीं शिक्षकों को शुक्रवार को पुन: बुलाया गया है।