एटा। कोतवाली नगर स्थित अलीगंज तिराहा के पास बुधवार की रात दूध के टेंकर ने दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में पुलिस ने भर्ती कराया, यहां से आगरा रेफर कर दिया गया।
शहर के मोहल्ला जगन्नाथपुरी निवासी बाइक सवार अवनीश कुमार (40) और विवेक सिंह निवासी जीआईसी कॉलोनी को बुधवार की रात करीब 12 बजे दूध के टेंकर ने टक्कर मार दी। हादसे में अवनीश की मौके पर ही सिर से पहिया निकल जाने के चलते दर्दनाक मौत हो गई और विवेक सिंह घायल हो गया। घायल को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को हादसे की खबर दी गई। परिजनों ने बताया है कि दोनों बाइक से लौट रहे थे तभी दूध के टेंकर ने टक्कर मार दी। अवनीश का सिर टेंकर के पहिया के नीचे आ गया और बुरी तरह कुचल जाने की वजह से मौके पर ही मौत हो गई। घायल विवेक के पिता रतन सिंह ने बताया है कि बेटा एमआर का काम करता है। रात को दोस्त के साथ बाइक से लौट रहा था तभी हादसे का शिकार हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।