एटा। थाना जैथरा क्षेत्र के गांव परौली सुहागपुर में मंगलवार की रात शिक्षक के पुत्र को गोली मार दी गई। गंभीर हालत में परिजन जिला अस्पताल लेकर आए, यहां से आगरा रेफर कर दिया गया। युवक का वर्ष 2018 में अपहरण का भी प्रयास किया जा चुका है। गांव परौली सुहागपुर निवासी विश्वनाथ प्रताप सिंह के 17 वर्षीय पुत्र आदित्य प्रताप सिंह को रात करीब 11 बजे मकान के दरवाजे पर ही हत्या करने के इरादे से गोली मार दी गई।
घायल के पिता ने बताया है कि वह शहर के पास ही एक परिषदीय स्कूल में शिक्षक हैं, मंगलवार की रात पुत्र घेर पर खड़े ट्रैक्टर व अन्य सामान को देखने के लिए घर के दरवाजे से निकला ही था तभी उसकी हत्या करने के इरादे से गोली मार दी गई। गोली चलने के साथ ही बेटे की चीख पुकार पर बाहर निकले तो पेट में गोली लगी हुई थी। पुलिस को खबर दी गई और जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां हालत नाजुक होने के चलते आगरा रेफर कर दिया गया। उपचार के बाद बेटे की हालत में सुधार आ गया है। उन्होंने बताया कि चार वर्ष पूर्व (2018) में बेटा साइकिल से पढ़ कर लौट रहा था तब सर्रा भट्टा के पास बाइक सवारों ने अपहरण करने का प्रयास किया था, लेकिन किसी तरह से बच गया, अब हत्या करने का प्रयास किया गया है।