स्कूलों के हैंडपंपों में ही डाल दी सबमर्सिबल, करंट का खतरा
एटा। मिशन कायाकल्प के तहत परिषदीय स्कूलों में शुद्ध पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कई विद्यालयों में इंडिया मार्का हैंडपंपों में ही सबमर्सिबल मोटर डालकर कनेक्शन कर दिए गए। एक तरफ मानकों का पालन नहीं किया गया तो वहीं हैंडपंप में करंट उतरने का भी खतरा बना हुआ है।
जिले में परिषदीय विद्यालयों की संख्या 1691 हैं। इनमें 19 पैरामीटरों को पूरा कराने में शिक्षा विभाग लगा हुआ है। इनमें अधिकांश पैरामीटर ग्राम पंचायत निधि से पूरे होने हैं। ग्राम पंचायत निधि से ही विद्यालय के अंदर नया बोर कराकर सबमर्सिबल लगाना था। इसमें खेल करते हुए जिम्मेदारों ने विद्यालयों में पहले से मौजूद इंडिया मार्का हैंडपंपों में ही सबमर्सिबल की मोटर डालकर चालू करा दी। इससे नौनिहाल करंट की चपेट में आ सकते हैं। इस खेल में लाखों रुपये का गोलमाल करने की भी बात सामने आ रही है।
जांच कराई जाएगी
कुछ शिकायतें मिली हैं। कायाकल्प के तहत ग्राम पंचायत स्तर से सबमर्सिबल लगाने का काम किया गया था। जिला पंचायत राज अधिकारी को मामले की जांच कराने के लिए लिखा गया है। -संजय सिंह, बीएसए
गंभीर है मामला
इस मामले की पड़ताल कराई जा रही है। इंडिया मार्का हैंडपंपों में सबमर्सिबल डाली गईं हैं। मैंने भी कई विद्यालयों में हैंडपंपों में ही सबमर्सिबल पड़ी देखी हैं मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी। -मनोज कुमार त्यागी, डीपीआरओ