एटा। कुछ दिनों में निकल रही तेज धूप ने सर्दी के अहसास को कम किया है। लोग ठंड के प्रकोप से राहत महसूस कर रहे हैं। हालांकि कोहरा लगातार परेशान कर रहा था। सोमवार को 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा ने कोहरे को भी उड़ा दिया और सुबह होते ही धूप खिल उठी। अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सुबह-शाम की गलत भरी ठंड ने लोगों की थोड़ी परेशानी बढ़ा रखी है। लेकिन दिन में निकल रही तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बाजारों में धूप निकलने के बाद लोग दुकानों, गली-मोहल्लों और अन्य स्थानों पर खड़े होकर धूप सेंकते नजर आ रहे हैं। शाम के समय गलन भरी सर्द हवाएं चलने के बाद लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा रहा है। सुबह और शाम के समय लोग गलन भरी सर्दी से परेशान हो रहे हैं।
रविवार रात से ही हवा चलना शुरू हो गई थी, जो सोमवार तक चलती रही। इसके चलते कोहरा पूरी तरह साफ हो गया। दिन में तेज धूप निकलने पर लोग हल्के कपड़ों में नजर आए। शाम होते ही गलन भरी सर्दी बढ़ने के बाद लोग रात के समय बस स्टैंड, मेडिकल कालेज के बाहर अलाव के पास खड़े होकर तापते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिन भी मौसम साफ रहेगा और अच्छी धूप निकलेगी।