एटा। सपा नेता राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन रविवार को एटा आए। पत्रकारों से वार्ता के दौरान इटावा के मामले पर कहा कि कथावाचन किसी जाति विशेष का ठेका नहीं है। वहीं, मारहरा क्षेत्र के गांव सिरसा बदन में बुद्ध प्रतिमा तोड़े जाने पर कार्रवाई न होने के विरोध में 9 जुलाई को जिला मुख्यालय पर धरना देने का एलान किया।
सपा सांसद ने कहा कि भगवान बुद्ध की प्रतिमा टूटने के बाद यहां आकर प्रशासन को कार्रवाई के लिए चेतावनी दी थी लेकिन कोई अमल नहीं किया गया। लोकतंत्र में कोई तानाशाही नहीं कर सकता। सिरसा बदन में सामाजिक तनाव में प्रशासन का रवैया सुस्त क्यों है। हम आज भी गरीबों, दलितों, पिछड़ों के साथ खड़े हैं।
उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी आज भी जाति-धर्म से ऊपर उठकर हक की लड़ाई लड़ रही है। 9 जुलाई को जिला मुख्यालय पर सभी कार्यकर्ताओं पदाधिकारी को धरना देने की बात कही है। गांव में सामाजिक अत्याचार या प्रशासनिक उदारता के मामले सामने आए हैं उन सबको मंच से उठाया जाएगा।
इटावा में कथावाचक मामले में कहा कि यह यादव व ब्राह्मण का मामला नहीं बल्कि मनुवादी सोच की उपज है। अगर आपके पास ज्ञान, योग्यता और धर्मग्रंथों की समझ है तो किसी भी जाति-धर्म के व्यक्ति का कथावाचन के लिए स्वागत करते हैं। अगर कोई वाल्मीकि या यादव ब्राह्मण से ज्यादा विद्वान है तो क्या उसे कथा सुनने से रोका जाएगा।