एटा। अलीगंज में छह दिन पहले सराफ से जेवरात से भरा बैग लूटने के सनसनीखेज मामले में एक लाख का इनामी वीरेंद्र एनकाउंटर में मारा जा चुका है। अन्य लुटेरे पुलिस की टारगेट पर हैं।
इस घटना में एसटीएफ की टीमें भी लग गई हैं। लूट में शामिल मऊ और फिरोजाबाद के दो हिस्ट्रीशीटरों पर एसटीएफ और पुलिस टीम की निगाहे हैं। इनकी धरपकड़ के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।
22 अक्तूबर को अलीगंज के गांव पुराहार निवासी सराफ संजय यादव से बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचा दिखाकर लूट की थी। बदमाश सोने-चांदी के जेवरात और नकदी से भरा थैला लूट ले गए थे। सीसीटीवी और सर्विलांस की जांच में लूट में वीरेंद्र निवासी गांव हरचंदपुर कोतवाली मैनपुरी का नाम प्रकाश में आया। दो दिन पहले पिलुआ क्षेत्र की सुन्ना नहर के पास मुठभेड़ में वीरेंद्र ढेर हो गया।
लूट की घटना के बाद पुलिस ने अलीगंज, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, कानपुर देहात समेत 1200 से अधिक सीसीटीवी खंगाले। इनमें तीन बदमाश दिखाई दिए हैं। दो अन्य बदमाशों में मऊ जनपद का हिस्ट्रीशीटर दीपक गिरि और फिरोजाबाद का कुलदीप उर्फ गोलू पंडित है। इस सनसनीखेज वारदात के खुलासे के लिए एटा पुलिस की 10 टीमें लगी हैं। इसके साथ ही एसटीएफ की लखनऊ, नोएडा, और आगरा की टीम भी बदमाशों की तलाश में जुटी है।