एटा। पंडित गोविंद बल्लभ पंत स्टेडियम में बारिश से जलभराव हो गया। बारिश के बाद से खेल का अभ्यास बंद है। खिलाड़ी निराश होकर घर लौट रहे हैं। जिम्मेदारों द्वारा अब तक समस्या के स्थायी समाधान पर ध्यान नहीं दिया गया है।
खेल का अभ्यास बंद होने से फुटबॉल, वॉलीबॉल, क्रिकेट, एथलेक्टिस के 100 से अधिक खिलाड़ी प्रभावित हुए है। क्रिकेट की पिच पानी में डूब गई है। दौड़ के ट्रैक पर पानी ही पानी दिख रहा है। खिलाड़ी सुबह शाम अभ्यास करने के लिए आते थे। लेकिन पिछले दिनों से हो रही लगातार बारिश से पानी भरा हुआ है और खेल का अभ्यास करना मुश्किल हो गया है। कुछ खिलाड़ी आते हैं और स्टेडियम में बने भवन के बरामदे में कुछ देर फिजिकल फिटनेस के लिए एक्सरसाइज करके लौट जाते हैं। स्टेडियम आने वाले लोगों ने बताया की कई साल से वह देख रहे हैं कि हर वर्ष बारिश के दिनों में जलभराव हो जाता है। बारिश थमती है, पानी जब सूख जाता है तो मैदान को ठीक कराने के बाद खेल शुरू हो पाते हैं।