एटा। शीतकालीन अवकाश के बाद स्कूल खुलते ही खेल उत्सव का आयोजन शुरू कर दिया जाएगा। खेल उत्सव के साथ ही वार्षिकोत्सव भी मनाए जाएंगे। सभी परिषदीय और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में ये कार्यक्रम होंगे।
खेल उत्सव और वार्षिकोत्सव मनाए जाने के संबंध में शासन की ओर से बेसिक शिक्षा विभाग को निर्देश जारी किए गए हैं। आयोजन कराने के लिए 31 जनवरी तक की समय सीमा निर्धारित की है। बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ये आयोजन किए जाएंगे। प्रतिभावान बच्चों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए यह एक शुरुआती प्लेटफॉर्म भी कहा जा सकता है।
खेल उत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाएंगी। वहीं वार्षिकोत्सव में नृत्य-गायन-वादन, नाट्य मंचन आदि सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में बच्चों के अभिभावकों को भी बुलाया जाएगा। बीएसए दिनेश कुमार ने बताया कि शासन की ओर से जारी किए गए निर्देशों का समय सीमा में पालन कराया जाएगा।