स्टेडियम में चल रही जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेती खिलाड़ी ।
- फोटो : ETAH
एटा। जीटी रोड स्थित पंडित गोविंद बल्लभ पंत स्टेडियम में चल रही जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन हो गया। इसमें महिला वर्ग भारोत्तोलन में प्रतिभा सावंत और पुरुष में मोहन ने बाजी मार कर मंडल स्तर के लिए अपना दावा पक्का कर दिया। जिला क्रीड़ाधिकारी ने विजेता खिलाड़ियों को शील्ड व प्रशस्तिपत्र प्रदान किए।
शुक्रवार को भारोत्तोलन, कुश्ती व गोला फेंक प्रतियोगिताएं हुईं। भारोत्तोलन के महिला वर्ग में 0 से 60 किलोग्राम भार वर्ग में सकीट ब्लॉक की प्रतिभा सावंत ने प्रथम, वहीं पुरुष वर्ग में जलेसर के मोहन कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं 60 किलोग्राम भार वर्ग से अधिक में जलेसर के बंटी कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। कुश्ती में जूूनियर बालक वर्ग में मारहरा ब्लॉक के सलमान ने प्रथम, सीनियर बालक वर्ग में शीतलपुर के पुष्पेंद्र बघेल ने प्रथम, गोला फेंक में बालक वर्ग में सकीट के दया चौधरी ने प्रथम स्थान हासिल किया। जिला क्रीड़ाधिकारी सिराजुद्दीन ने विजेता खिलाड़ियों को शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर बधाई दी।
इस अवसर पर जीवाराम वर्मा, दयानंद श्रीवास्तव, रजनीश यादव, दलवीर सिंह, संदीप कुमार, मोनिका, संतोष, प्रतेंद्र पाल, संतराम, हृदेश कुमार रहे। जिला क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को मंडल स्तर पर खेलने के लिए भेजा जाएगा। वहीं मंडल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को राज्य स्तर पर खेलने के लिए भेजा जाएगा।