राज्य सरकार की सबसे महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक डॉ. राममनोहर लोहिया ग्राम्य विकास योजना के तहत चयनित गांवों में बने लोहिया आवास भी अब सोलर लाइट से जगमगाते नजर आएंगे। लोहिया आवासों में सोलर पैनल लगाने के लिए राजस्थान की एक कंपनी को अधिकृत किया है। ग्राम्य विकास विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2012-13 व 2013-14 के चयनित 42 गांवों में बने 320 आवासों में सोलर लाइट लग चुकी हैं। बाकी बचे आवासों में काम चल रहा है।
जहां बजट के अभाव में लोहिया गांवों में शासन की योजनाएं अधर में लटकी हैं। वहीं लोहिया आवासों में सोलर पैनल के लग जाने से लोगों को अब अंधेरे में नहीं रहना पड़ेगा। शासन द्वारा अधिकृत कंपनी इसके लिए प्रत्येक लोहिया आवास में एक सोलर पैनल के साथ तीन लाइट व एक पंखा लगा रही है। इंदिरा आवास की तर्ज पर शासन ने लोहिया आवास योजना की शुरुआत की है। लोहिया आवास के लिए शासन की ओर से इंदिरा आवास से दोगुना धन भी मिलता है। आवासों में सोलर लाइट के लग जाने से यह और आधुनिक होंगे।
वित्तीय वर्ष 2012-13 में 18 लोहिया गांवों का चयन हुआ था। इसके बाद वर्ष 2013-14 में 24 लोहिया आवासों का चयन हुआ था। दोनों वित्तीय वर्ष के चयनित लोहिया गांव में शासन की ओर से 515 आवास बनाए गए थे। इनमें से 320 आवासों में कंपनी द्वारा सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। बाकी बचे 195 आवासों में कंपनी द्वारा सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं। इनमें काम खत्म होने के बाद वित्तीय वर्ष 2014-15 के चयनित 24 लोहिया गांवों में तैयार होने वाले लोहिया आवासों में सोलर पैनल लगवाए जाएंगे। हालांकि पैनल लगाने में हीलाहवाली को लेकर जिलाधिकारी एक बार पत्र के माध्यम से कंपनी की शासन से शिकायत भी कर चुकी हैं।
सोलर पैनल का काम कंपनी द्वारा काफी धीमे से किया जा रहा है। इस संबंध में गत दिनों जिलाधिकारी ने पत्र लिख शासन से शिकायत की थी। शिकायत के बाद अब काम में कुछ तेजी आई है। विभाग द्वारा सभी पैनलों का निरीक्षण भी किया जा रहा है।
- केके वैश्य, परियोजना निदेशक, डीआरडीए, एटा
लोहिया आवासों में जल्द से जल्द सोलर पैनल व लाइट लगाने का काम चल रहा है। दोनों वित्तीय वर्ष के लोहिया आवासों में सोलर लाइट लग जाएंगी।
- हेमंत अजमेरा, कोआर्डिनेटर, राजस्थान इलेक्ट्रॉनिक एंड इंस्टीयूमेंट लिमिटेड