एटा। स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 के तहत केंद्रीय टीम के शहर का निरीक्षण किए करीब एक माह बीत चुका है लेकिन नगर की सफाई व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है। सर्वेक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद ने शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित दिखाने के लिए विशेष अभियान चलाया था, मगर अब कई इलाकों में फिर से गंदगी और कूड़े के ढेर नजर आने लगे हैं। ऐसे में नगर पालिका के स्वच्छता संबंधी दावों पर सवाल उठने लगे हैं।
शहर के आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों से नियमित कूड़ा उठान न होने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। जीटी रोड स्थित एटा क्लब के बाहर, कासगंज रोड, ठंडी सड़क, अरुणा नगर समेत कई स्थानों पर सड़क किनारे कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। बारिश के मौसम में इन स्थानों से उठने वाली दुर्गंध और जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोग संक्रामक रोगों का शिकार हो सकते हैं। मानपुर स्थित एमआरएफ सेंटर की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि यहां शहर का कचरा लंबे समय तक पड़ा रहता है। इतना ही नहीं, कई बार मृत पशु भी यहां लाकर डाल दिए जाते हैं, जिससे दुर्गंध और प्रदूषण की समस्या बढ़ जाती है।
स्वच्छ सर्वेक्षण में नगर पालिका की रैंकिंग भी पिछले वर्षों में अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच सकी है। वर्ष 2021-22 में एटा की राष्ट्रीय रैंकिंग 264, वर्ष 2022-23 में 252, वर्ष 2023-24 में 254 और वर्ष 2024-25 में 220 रही। इस बार बेहतर प्रदर्शन के लिए नगर पालिका ने कई प्रयास किए हैं। अब 2 अक्तूबर से पहले घोषित होने वाले स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 के परिणामों पर सभी की नजरें टिकी हैं। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी निहाल सिंह ने बताया कि शहर में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। बाजारों में डस्टबिन रखवाए जा रहे हैं और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं कूड़ा समय पर नहीं उठ रहा हो या कोई कूड़ा जला रहा हो तो इसकी तत्काल सूचना नगर पालिका को दें।
-
बोले लोग-
स्वच्छ सर्वेक्षण की टीम तो शहर का दौरा कर चुकी है लेकिन उसके बाद भी सफाई व्यवस्था में कोई खास सुधार नहीं हुआ। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। अब परिणाम आने पर ही पता चलेगा कि शहर की रैंकिंग में कितना सुधार हुआ है। - अमित, पटियाली गेट
-
मानपुर स्थित एमआरएफ सेंटर पर बारिश के दिनों में गंदगी से हालात बेहद खराब हो जाते हैं। यहां के आसपास स्थित स्कूलों में आने वाले विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति में शहर की रैंकिंग में सुधार की उम्मीद करना मुश्किल है। - रामनिवास, मानपुर
मानपुर कॉलोनी में सड़क किनारे लगा कूड़े का ढेर। संवाद- फोटो : 1
मानपुर कॉलोनी में सड़क किनारे लगा कूड़े का ढेर। संवाद- फोटो : 1