एटा। जिले में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्यों की स्थिति अच्छी चल रही है। लक्ष्य के सापेक्ष मतदाताओं के गणना प्रपत्रों का 90 प्रतिशत डिजिटाइजेशन सोमवार तक कर लिया गया है। 300 बीएलओ ऐसे हैं जिन्होंने अपना काम पूरा कर एसआईआर चैंपियन की सूची में जगह बना ली है।
डीएम प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि मतदाता सूची से संबंधित गणना प्रपत्रों के संग्रहण एवं फीडिंग का कार्य जिले में पूरे जोर-शोर से निरंतर जारी है। इस कार्य में सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी क्षमता और मनोयोग से लगे हुए हैं। सोमवार तक 90 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य कर लिया गया है।
सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के रूप में लगाए गए डीसी मनरेगा प्रभु दयाल, बीडीओ पीएस आनंद, अजीत सिंह, बीईओ दीप्ति गुप्ता भी अपना कार्य पूर्ण कर एईआरओ एसआईआर चैंपियन बन गए हैं।
सेक्टर अधिकारी के रूप में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. चमन लाल ने सर्वप्रथम अपने सभी बीएलओ का शत प्रतिशत कार्य पूर्ण करा लिया है। 300 बीएलओ अपना कार्य पूर्ण कर एसआईआर चैंपियन बन चुके हैं।