ओझा रोड स्थित गांव कूवरी के पास सपा समर्थित ब्लाक प्रमुख पद की प्रत्याशी के पति पर शनिवार को जानलेवा हमला कर अपहरण का प्रयास किया गया। असफल रहने पर हमलावर फायरिंग कर फरार हो गए। फायरिंग के दौरान गोलियां कार में लगने के कारण प्रत्याशी पति और उसके समर्थक बाल-बाल बच निकले। मौके पर एएसपी, एडीएम, एसडीएम, सीओ सकीट फोर्स के साथ पहुंचे। बाद में सदर विधायक भी सकीट थाने पहुंचे। पीड़ित ने पूर्व विधायक, उनके बेटे और कई बीडीसी सहित 20 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मलावन के गांव आसपुर निवासी इंजीनियर राधेश्याम की पत्नी ऊषा देवी ब्लाक सकीट से ब्लाक प्रमुख पद की प्रत्याशी हैं। दूसरे पक्ष से पूर्व बसपा विधायक अजय यादव की ओर से मंजू देवी प्रत्याशी हैं। पीड़ित राधेश्याम ने बताया कि शनिवार दोपहर वह कार से चालक, प्रधान जग्गू, बीडीसी सदस्य सुखवीर निवासी छछैना के साथ वोट मांगने जा रहे थे। दोपहर करीब ढाई बजे गांव कूवरी तिराहा से थोड़ा आगे पहुंचते ही सामने से दो स्कार्पियो आकर रुकी। इनमें सवार पूर्व विधायक अजय यादव, इनके बेटे ने साथियों के साथ उनको अपहरण करने का प्रयास किया। इन लोगों ने फायरिंग कर जानलेवा हमला किया, लेकिन फायरिंग के दौरान गोलियां कार में लगने के कारण जान बच गई। फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीणों को आता देख कार सवार हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। सूचना पर थानाध्यक्ष के साथ सीओ सकीट अजय कुमार, एसडीएम सुनील वर्मा फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। बाद में थाने पर एएसपी विसर्जन सिंह यादव, एडीएम सतीश पाल, सदर विधायक आशीष यादव उर्फ आशू भी सकीट थाने पहुंचे। घटना की तहरीर पीड़ित ने पूर्व विधायक अजय यादव ,विक्रांत ,प्रशांत निवासी रेवाड़ी सकीट, ओमकिशन निवासी गढ़िया, रामसेवक निवासी कंगरौल, संदीप निवासी नगला मुंशी, रामेश्वर निवासी विरसिंह पुर, सर्वेश निवासी महुआखेड़ा, उदयवीर निवासी दतौली, भूरे निवासी निगोह हसनपुर, दुर्जन सिंह निवासी पुरावं, अजयपाल निवासी रेवाड़ी, शिवरतन निवासी चिलमापुर, इंद्रपाल निवासी दत्तपुर, ब्रेशचंद्र निवासी गढ़िया, सुम्मेर निवासी नगला पुनी, राम लड़ैते निवासी नाजिरपुर, बनवारी निवासी नगला पुरवे, रूपेश निवासी सलेमपुर सानी, कौशल कुमार निवासी दलेलपुर के विरुद्ध तहरीर दी है। बता दें पीड़ित ने जिनके विरुद्ध तहरीर दी है उनमें अधिकांश बीडीसी सदस्य हैं। थाना प्रभारी का कहना है कि सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।