पड़ाव मैदान में चल रही राजकीय प्रदर्शनी में दुकान लगाने के लिए हो रही अवैध वसूली व अनियमितताओं पर शुक्रवार की सुबह दुकानदार भड़क गए। उन्होंने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनी में लगी दुकानें बंद कर दीं और एक जगह एकत्रित हो गए। इसके चलते प्रदर्शनी देखने आए लोगों को भी मायूसी हाथ लगी। हंगामा बढ़ता देखकर एसडीएम सदर अजीत कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए और दुकानदारों से वार्ता की। बाद में कार्रवाई का आश्वासन देकर दुकानदारों को शांत किया। दोपहर बाद सभी दुकानें खुल गईं।
प्रदर्शनी में खिलौने की दुकान लगाने वाले वीरपाल सिंह, वकील, राजाराम ने बताया कि बीते साल एक हजार रुपये फुट दुकान का किराया लिया जा रहा था। मगर इस बार अचानक 15000 हजार रुपये फुट जगह देकर अवैध वसूली की जा रही है। पहले भी प्रशासन को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। फुटपाथ पर दुकान लगाने वालों से भी ज्यादा पैसा वसूला जा रहा है। सुविधाएं कुछ नहीं हैं। ऐसे में दुकानदारी कैसे हो। इसी बात पर शुक्रवार को दुकानदार भड़क गए। प्रदर्शनी में जमकर हंगामा किया। विरोध जताते हुए दुकानें पूरी तरह बंद कर दीं। उनका कहना था कि प्रदर्शनी में न ही बिजली व्यवस्था सुचारु है और न ही पानी की व्यवस्था सही है।
हंगामा बढ़ता देख दोपहर करीब ढाई बजे एसडीएम सदर अजीत कुमार सिंह पहुंचे। दुकानदारों से बातचीत करने के बाद एसडीएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब तीन बजे दुकानदारों ने दुकानें खोल लीं। दुकानदार वीरेंद्र, वीरपाल, विनोद का कहना है कि जल्द ही कोई नतीजा नहीं निकला तो फिर से दुकानें बंद कर विरोध किया जाएगा।
बढ़ती चोरियों पर भी आक्रोश
दुकानदारों का कहना है कि आए दिन प्रदर्शनी में दुकानों से चोरियां हो रही हैं। शिकायत के बाद पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। बुधवार रात तकिया, रजाई के कवर बेचने वाले बबलू की दुकान से चोर 25 हजार रुपये चोरी कर ले गए। इस पर भी रात में हंगामा हुआ था। बबलू ने पुलिस को तहरीर दी है। प्रदर्शनी प्रभारी रविंद्र सिंह का कहना है कि प्रदर्शनी में बुधवार की चोरी छोड़कर और कोई चोरी नहीं हुई है। अगर ऐसी कोई बात है तो दुकानदार उनसे आकर मिलें।