नगर के मां पथवारी मंदिर के निकट स्थित एक टेंट हाउस में रविवार की सुबह अचानक आग लग गई। आग से टेंट का सभी सामान जलकर राख हो गया। लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद एक घंटे में आग पर काबू पाया। सूचना देने के बाद भी फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। आग से लगभग साढ़े चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दे दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अकबरपुर हवेली निवासी बच्चू सिंह की मां पथवारी मंदिर के निकट श्रीजी टेंट हाउस के नाम से दुकान है। बताते हैं कि टेंट स्वामी बच्चू सिंह अपनी ससुराल गए थे। रविवार की सुबह आठ बजे के लगभग पड़ोसियों ने दुकान में धुआं उठता देखा तो हड़कंप मच गया और बच्चू सिंह को फोन पर सूचना दी, वहीं शटर का ताला तोड़कर दुकान खोली तो वहां रखा सामान धूं-धूं कर जल रहा था।
लोगों ने पानी आदि डालकर लगभग एक घंटे बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वहां रखे रजाई, गद्दे, कुर्सी, मैज, मैट व अन्य सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित के अनुसार आग से लगभग साढ़े चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग कैसी लगी इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच कर रही है।