सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद एक अप्रैल से हाईवे के 500 मीटर दूर किए गए शराब ठेकों की बाजार और घनी बस्तियों में दस्तक के बाद विरोध तेज हो चला है। सोमवार को पटियाली गेट पर महिलाओं ने शराब ठेके के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान ठेके के संचालक ने महिलाओं से हाथापाई भी कर दी। इस पर महिलाओं ने शराब की बोतलें तोड़ दीं और जाम लगा दिया। उधर, निधौली रोड पर मंदिर के पास शराब ठेका खोले जाने पर लोग सड़क पर उतर आए।
अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और कार्रवाई का आश्वासन दिया।
शहर में हाईवे से 70 शराब ठेके हाईवे से हटकर घनी आबादी और बाजारों में पहुंच गए। रिहायशी इलाकों में शराब ठेकों का खुलना लोगों को नागवार गुजर रहा है। इसके चलते आए दिन विरोध हो रहा है। सोमवार को पटियाली गेट पर देशी शराब का ठेका खोलने को लेकर महिलाएं विरोध में आ गईं। नारी शक्ति ने हाथ में डंडे लेकर सड़क मार्ग को जाम कर दिया। बताया जाता है कि इस दौरान ठेका संचालक ने विरोध करने वाले लोगों और महिलाओं से हाथापाई कर दी। जिसे लेकर महिलाओं का गुस्सा भड़क गया। आक्रोशित महिलाओं ने ठेके के अंदर रखीं शराब की बोतलों को फोड़ दिया। हंगामे की सूचना पर सीओ सिटी एमपी सलोनिया और आबकारी अधिकारी आनंद प्रकाश समेत पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने आक्रोशित महिलाओं को समझा-बुझाकर शांत कराया और ठेका बंद कराया। साथ ही जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया।
उधर, निधौली रोड पर मंदिर के पास देशी शराब का ठेका खोले जाने को लेकर लोग आक्रोशित हो उठे। लोगों ने सड़क मार्ग को जाम करते हुए जमकर नारेबाजी की और ठेके को हटाने की मांग की। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
-------------
31 मार्च: बाबूगंज के वाशिंदों ने बाजार में ठेका खुलने को लेकर प्रदर्शन किया।
31 मार्च: पीपल अड्डा पर महिलाओं ने ठेके के विरोध में प्रदर्शन किया।
दो अप्रैल: सहावर रोड पर महिलाओं ने शराब ठेके के विरोध किया।
जनता से सामंजस्य बिठाने की पहल की जा रही है। उच्चाधिकारियों से बात करके बीच का रास्ता निकालेंगे। ताकि राजस्व की हानि भी नहीं हो। इसके साथ ही जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के पहल कर रहे हैं।
आनंद प्रकाश, जिला आबकारी अधिकारी
सोरों(ब्यूरो)। सुप्रीम कोर्ट द्वारा हाइवे से 500 मीटर दूर शराब के ठेके हटाने का असर दिखने लगा है। बसस्टैंड के सामने, भूतेश्वर मंदिर के समीप शराब के ठेके थे। अब यह ठेके मोहल्ला बदरिया में खुल गए हैं। देशी शराब का एक ठेका छोटे बच्चों के स्कूल के समीप है। दूसरा अंग्रेजी शराब का ठेका दूसरे किड्स स्कूल के ठीक सामने खुल गया है। इन ठेकों के पास ही महाविद्यालय स्थित है। देव मंदिर के पास से हटके यह ठेके अब शिक्षा के मंदिरों के पास खुल गए हैं। ऐसे में स्कूल आने जाने वाले बच्चों पर गलत असर पड़ेगा। वहीं इन बच्चों के साथ शराबियों द्वारा अनहोनी किए जाने की आशंका भी बनी रहती है। विश्व हिंदू परिषद के कृष्णकांत वशिष्ठ, श्रीकांत तिवारी ने जिला प्रशासन से स्कूलों के पास से ठेके हटाने की मांग की है।