एटा। जल निगम जीटी रोड पर सीवर लाइन का कार्य करा रहा है। एक माह से अधिक समय हो चुका है, लेकिन अभी तक करीब 400 मीटर दूरी तक ही लाइन बिछाने का काम हो पाया है। अलीगंज तिराहा से जीटी रोड पर जाने वाले एक तरफ के वाहनों को डायवर्ट किया है, जिससे चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गोशाला से अलीगंज तिराहा तक सीवर लाइन डाली जा रही है। काम की गति धीमी होने की वजह से आस-पास के लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। सीवर लाइन के लिए सड़क के अंदर करीब आठ मीटर गहरी खोदाई करने के बाद पाइप डाले जा रहे हैं। गौरतलब है कि कार्यदायी संस्था ने फरवरी माह के अंत में सीवर लाइन डालने का कार्य गोशाला की तरफ से शुरू किया। इस दौरान अलीगंज रोड तिराहा से एक तरफ का रूट डायवर्ट कर दिया है जिससे वाहनों को निकलने में समस्या बनी हुई है।
धीमी गति से काम पर लगाया 92 लाख रुपये का जुर्माना:
शहर में सीवर लाइन बिछाने का कार्य काफी धीमी गति से किया गया। जिसके चलते जल निगम ने सीवर लाइन डाल रही कंपनी टेक्नोक्राफ्ट कंस्ट्रक्शन प्रा.लि. पर 92 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था।
लोग बोले
जीटी रोड पर सीवर लाइन डालने का कार्य धीमी गति से किया जा रहा है जिसकी वजह से आने जाने में काफी दिक्कत हो रही है।
- सुरेंद्र सिंह
नेहरू नगर में जाने के लिए एक ही रास्ता है, सीवर लाइन का काम चलने की वजह से निकलना मुश्किल हो गया है।
- अनिल कुमार
बृहस्पतिवार से जीटी रोड पर दोनों ओर से सीवर लाइन डालने का कार्य कराया जाएगा। जिससे बारिश का मौसम आने से पहले काम पूरा किया जा सके।
- एएस भाटी, अधिशासी अभियंता, जल निगम