एटा। अलीगंज क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों पर चेहरा प्रमाणीकरण के कार्य व पोषाहार वितरण में लापरवाही बरतने की शिकायत के बाद जिला कार्यक्रम अधिकारी ने अपनी टीम के साथ औचक निरीक्षण किया। शिकायतें सही मिलने पर लापरवाही बरतने वाली कार्यकताओं पर कार्रवाई की है। उन्होंने तीन कार्यकर्ताओं का मानदेय रोकते हुए सेवा समाप्ति के निर्देश भी दिए हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय सिंह ने बताया कि लगातार अलीगंज के कुछ केंद्रों पर चेहरा प्रमाणीकरण व पोषाहार वितरण के कार्य में लापरवाही बरतने की शिकायतें मिल रही थीं। बृहस्पतिवार को निरीक्षण के लिए कर्मचारियों की समिति बनाई गई। ब्लॉक कोऑर्डिनेटर सकीट आर्यन, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर मारहरा आकाश, जिला परियोजना एसोसिएट दिनेश, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर अर्बन संदीप, प्रधान सहायक विकास चंद्र, जिला समन्वयक संजीव शामिल रहे।
सभी के साथ मिलकर सुबह 8:30 बजे से कस्बा अलीगंज के केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिटौराभान में कार्यकर्ता प्रीति और अनीता द्वारा लाभार्थियों की फीडिंग कर उनका पंजीकरण ही नहीं किया गया था। वहीं, तिसौरी केंद्र पर कार्यकर्ता नीलम द्वारा पोषाहार वितरण में अनियमितताएं पाई गईं। डीपीओ ने लापरवाही बरतने वाली तीनों कार्यकर्ताओं का मानदेय रोकते हुए सेवा समाप्ति की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।