एटा। श्रमिकों के बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के इरादे से प्रदेश में अटल आवासीय शिक्षा योजना चालू की है। इसमें प्रवेश परीक्षा के माध्यम से बच्चों का चयन होता है। पिछले महीने परीक्षा आयोजित की गई थी। बृहस्पतिवार को परिणाम आया। 53 बच्चों का कक्षा 6 और 9 में प्रवेश के लिए चयन किया गया है।
कक्षा 6 के लिए 24 बच्चों का चयन हुआ है, जबकि कक्षा 9 के लिए 29 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश परीक्षा पास कर जगह बनाई है। यह सभी बच्चे श्रमिकों है जो मंडल स्तर पर संचालित अटल आवासीय विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण करेंगे। बता दें कि पिछले महीने आयोजित प्रवेश परीक्षा में कक्षा 6 के लिए 85 और कक्षा 9 में प्रवेश पाने के लिए 50 बच्चे शामिल हुए थे।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी यादवेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को परिणाम सामने आए हैं, आवासीय विद्यालय के लिए 53 बच्चों का चयन हुआ है, सभी बच्चे पंजीकृत श्रमिकों के हैं। इनको बेहतर शिक्षा दिलाने का काम सरकार की ओर से किया जाएगा। ताकि श्रमिकों के बच्चों का भी बेहतर भविष्य बन सके।
सकीट के ऋचा और आयुष को मिला अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश
सकीट। क्षेत्र के ग्राम अंबरपुर रिजोर निवासी रामेंद्र कुमार की पुत्री ऋचा ने कक्षा 6 व आनंद कुमार के पुत्र आयुष बाबू ने कक्षा 9 के लिए अटल आवासीय विद्यालय अलीगढ़ की प्रवेश परीक्षा पास की है। जिससे उनके परिवारों और गांव में खुशी का माहौल है
ऋचा ने शुरूआती शिक्षा गांव के ही प्राथमिक विद्यालय अंबरपुर रिजोर में कक्षा पांच तक प्राप्त की है। आयुष बाबू ने इसी विद्यालय से कक्षा पांच के बाद माया देवी जूनियर हाईस्कूल से कक्षा आठ पास किया था। अटल आवासीय विद्यालय अलीगढ़ में प्रवेश के लिए एटा के प्रेंटिस गर्ल्स इंटर कॉलेज में 25 फरवरी को परीक्षा दी थी। दोनों बच्चों द्वारा प्रवेश परीक्षा पास करने पर खंड शिक्षाधिकारी यशपाल सिंह, प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय अंबरपुर रिजोर सुमन बाबू, अरुण कुमार, प्रदीप कुमार, नीरज कुमारी, मीराकुमारी, विवेक यादव, शेर सिंह शाक्य, प्रवेश यादव आदि लोगों ने हर्ष व्यक्त किया है।