नगर पालिका द्वारा होली मोहल्ला में कराए जा रहे नाला सफाई के चलते नालियों का पानी रोक दिया गया है। इससे मोहल्ले में जलभराव की स्थिति पैदा हो जाने पर गुरुवार को मोहल्ले के लोगों का आक्रोश भड़क गया और बाईपास रोड पर जाम लगाकर समस्या के निदान की मांग की। जाम की सूचना पर थाना पुलिस और पालिका कर्मी पहुंच गए और समझा बुझाकर शांत किया। वहीं मशीन लगाकर मोहल्ले में भरा पानी निकलवाया।
लोगों का आरोप है कि नाले की सफाई मशीन से कराई जा रही है। सफाई आसानी से हो सके। इसलिए मोहल्ले से निकल रही लाइन को बंद कर दिया गया है। इसके चलते गंदा पानी गलियों व घरों तक पहुंच रहा है। लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय अंधेरा होने पर लोग गिरकर चुटैल भी हो रहे हैं। बच्चों को शाम होते ही घरों के अंदर कर दिया जाता है। शिकायत के बाद भी पालिका अधिकारियों ने सुनवाई नहीं की। मजबूरी में यह कदम उठाया पड़ा।
आक्रोशित लोगों ने होली मोहल्ला स्थित पूर्व चेयरमैन वाली गली के सामने प्रदर्शन किया और बाईपास मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे पटियाली व अलीगंज की ओर जाने वाले वाहनों की लाइन लग गई। जाम लगने की सूचना पर कोतवाली पुलिस व पालिका के अतिक्रमण प्रभारी बालकपूर पहुंच गए और समस्या का समाधान कराने का आश्वासन देकर जाम खुलवा दिया। वहीं पालिका की मशीन लगाकर पानी को निकलवाया गया। इस मौके पर सबुरद्दीन, पप्पू, इकरार, तनवीर, राशिद वेग, बन्ने खां, शमशेर खां बुल्लू खां मौजूद थे।