नए साल के उपलक्ष्य में गुरुवार को जगह-जगह धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। शहर में जहां सुंदरकांड के पाठ के साथ रात को देवी जागरण हुआ। वहीं, सांईराम की पालकी शोभायात्रा निकाली गई और भंडारा हुआ। अवागढ़ में सांई मंदिर पर छप्पन भोग सजाया गया। दिनभर दर्शन करने वालों का तांता लगा रहा।
नन्नूमल चौराहा स्थित सांईराम मंदिर से सुबह साढ़े आठ बजे सांईराम की पालकी शोभायात्रा ढोल नगाड़ों के बीच निकाली गई। सांई भक्त झूमते नाचते चल रहे थे। जगह-जगह आरती व पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। मंदिर पर भी विशेष शृंगार के दर्शन हुए। दूसरी ओर बाबूगंज बाजार में भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों लोगाें ने भाग लेकर पुण्य कमाया। इस मौके पर बॉबी गुप्ता, ययेंद्र गुप्ता, राजकुमार भरत, नरेंद्र जैन, दीपक गुप्ता, पवन गुप्ता, चेतन, दिलीप, संतोष, दिनेश मौजूद थे। वहीं रात को काली मंदिर के पीछे देवी जागरण का आयोजन हुआ। कलाकारों ने रातभर मां के भजन सुनाकर उपस्थित श्रद्धालुओं को बांधे रखा। इस मौके पर पूर्व सभासद कल्लू गुप्ता व अन्य मौजूद थे।
क्षत्रिय स्वर्णकार मंदिर समिति मैनगंज द्वारा घंटाघर स्थित मंदिर पर हवन के साथ सुंदरकांड पाठ और प्रसाद वितरण किया गया। इस मौके पर अशोक सराफ, ब्रजेश, विमल, किशनपाल, भरत भूषण, हरिओम मौजूद थे।
अवागढ़ में सहनौआ रोड स्थित सिद्ध क्षेत्र सांई मंदिर पर साईं बाबा, मां बेलौन भवानी, हनुमानजी के दर्शन करने वालों की पूरे दिन भीड़ रही। भक्त साईं के जयकारे लगाने के साथ ही भजनों पर जमकर थिरके। प्रात: साईंबाबा का अभिषेक, मंदिर कमेटी के अलावा नगरवासियों ने भी 251 थाली का छप्पन भोग सजाया, फूलबंगला के साथ ही प्रात: संगीतमय सुंदरकांड का पाठ हुआ, सायं भव्य महाआरती में सैकड़ों भक्तों ने अपनी सहभागिता की। भोग प्रसादी विशंभर दयाल, विष्णु वार्ष्णेय व सायं की भोग प्रसादी हरिशचंद्र चौरसिया ने वितरित कराई। इस मौके पर सोनू ठाकुर, आशा गोयल, विनीत गुप्ता, पुजारी यादव, मंजुला जैन, योगेश वार्ष्णेय, प्रवेश अग्रवाल, गोल्डी गोयल, मनोज गोयल, प्रवीन गुप्ता, विपिन जैन मौजूद थे।