शहर की आवास विकास के सेक्टर दो में पेयजल आपूर्ति, ड्रेनेज की अव्यवस्थाओं के विरोध में लोगों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर कहा कि यदि उनकी समस्याओं पर प्रशासन का ध्यान नहीं दिया तो वह उग्र आंदोलन को विवश होंगे।
माधव तिवारी ने कहा कि कॉलोनी के 60 फुट रोड पर अधिशासी अभियंता जलनिगम कार्यालय की पेयजल की लाइन चार स्थान से टूटने पर जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी है। पाइप लाइन टूटने से सभी नालियां ओवरफ्लो चल रही हैं, आवागमन भी प्रभावित है। सेक्टर दो में पुलिया टूटे होने के कारण पुलिया के आसपास मिट्टी धंस गई है और इस क्षेत्र में पानी का निकास नहीं हो पा रहा। पानी सड़कों पर बह रहा है।
पुलिया निर्माण के लिए पालिका प्रशासन को कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन स्थिति जस की तस बनी है। लोगों ने चेतावनी दी अब यदि पालिका प्रशासन ने उनकी समस्याएं नहीं सुनी तो वह प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन को विवश होंगे। प्रदर्शन के दौरान लोकेश तिवारी, सुरेश पाल सिंह, स्वदेश चौहान, सुरेश पाल सिंह, सचिन कुमार, रमेशचंद्र, शिवशंकर साहू, संदीप चौहान, राजेश राधव, जितेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।