एटा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) सहित जिले के विभिन्न शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों में संचालित डीएलएड (डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन) सत्र 2026 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को दूसरा मौका दिया गया है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 8 जुलाई थी। परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय के जारी कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थी 3 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। डायट समेत एटा व कासगंज में कुल 104 प्रशिक्षण संस्थानों की लगभग 5500 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 4 अगस्त निर्धारित की गई है, जबकि अभ्यर्थी आवेदन पत्र पूर्ण कर उसका प्रिंट 5 अगस्त तक प्राप्त कर सकेंगे। रैंक सूची प्रकाशित होने के बाद अभ्यर्थियों को संस्थानों के चयन का अवसर दिया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रशिक्षण कार्यक्रम 14 सितंबर से शुरू किया जाएगा।
डीएलएड परीक्षा प्रभारी नवनीत शर्मा ने बताया कि जिले में डायट सहित एटा और कासगंज जिले में कुल 104 संस्थानों में प्रशिक्षण होता है। इन संस्थानों में लगभग 5500 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। बताया डायट में 200 सीटें हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा में आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा है।