एटा। शहर में सुभाष मूर्ति के पास संचालित एक पैथोलॉजी लैब पर एसडीएम ने छापा मारा। पंजीकरण न होने पर सील करा दिया। उनके साथ औषधि विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद रही। सीएमओ डॉ. उमेश त्रिपाठी ने बताया कि एक व्यक्ति ने सुभाष मूर्ति के पास स्थित पैथोलॉजी लैब को लेकर मंगलवार को डीएम अंकित अग्रवाल से शिकायत की थी।
इस लैब पर अवैध रूप से लोगों का खून निकालकर बेचने का आरोप लगाया। इसे लेकर बुधवार को सदर एसडीएम अलंकार अग्निहोत्री, औषधि निरीक्षक दीपक कुमार व डॉ. राजेश कुमार ने लैब पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान संचालक ने लैब संबंधी कोई कागजात नहीं दिखाया। जबकि खून की जांच के उपकरण आदि उपलब्ध थे। इस पर पैथोलॉजी को सील किया गया है। पांच दिन का समय देकर संचालक से जवाब मांगा गया है।