कस्बा अलीगंज के नीम सराय मिल में जांच करते एसडीएम जगमोहन गुप्ता व अन्य कर्मचारीगण। संवाद
अलीगंज। सरकारी राशन के दुरुपयोग की शिकायत मिलने पर प्रशासन हरकत में आ गया। इस पर टीम ने फ्लोर मिल पर छापा मारा और जांच के लिए गेहूं के नमूने लिए। डीएम प्रेम रंजन सिंह को सुखवीर ने शिकायत करते हुए बताया था।कि सराय अगस्त क्षेत्र में स्थित एक मिल में सरकारी राशन का अवैध रूप से उपयोग किया जा रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अलीगंज के उप जिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। आदेश के क्रम में एसडीएम ने एक संयुक्त जांच टीम का गठन किया। टीम में नायब तहसीलदार हिमांशु पांडेय, सप्लाई इंस्पेक्टर हरीश रंजन तथा सप्लाई इंस्पेक्टर जैथरा धरना सिंह चौहान को शामिल किया गया।
संयुक्त टीम ने सराय अगस्त स्थित संबंधित मिल पर मंगलवार को कार्रवाई की। जांच टीम ने मिल परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद अनाज की गुणवत्ता, मात्रा और अभिलेखों का मिलान किया।
संदेह होने पर टीम ने गेहूं के सैंपल भरकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे। ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उपयोग किया जा रहा राशन सरकारी है या नहीं।
प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने बताया कि शिकायत के आधार पर मौके पर जांच कराई गई। आवश्यक सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजे गए। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवाद