अवागढ़। विकासखंड कार्यालय में शुक्रवार को बीडीओ और तीन ग्राम विकास अधिकारियों के बीच हाथापाई हो गई। ग्राम विकास अधिकारियों ने करेक्टर रोल के लिए 20 हजार रुपये रिश्वत मांगने और पीटने के आरोप लगाए हैं तो बीडीओ का कहना है कि ये कर्मचारी नशे में रहते हैं, मेरे साथ अभद्रता की गई। इनके खिलाफ एफआईआर कराएंगे।
ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष प्रभात कुमार ने बताया कि शुक्रवार को ब्लॉक अध्यक्ष रवि कुमार व विष्णु शर्मा के साथ बीडीओ मोहम्मद जाकिर से मिलने गए थे। सितंबर माह का वेतन रोके जाने का कारण पूछा और अपनी चरित्र प्रविष्टि पर हस्ताक्षर करने की मांग की। आरोप लगाया कि बीडीओ ने 20000 रुपये प्रति ग्राम विकास अधिकारी की मांग की। मना करने पर गालीगलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। कुर्सी लगने से रवि कुमार बेहोश हो गए। निलंबित कराने की धमकी देकर चले गए। ग्राम विकास अधिकारियों ने एटा आकर सीडीओ को जांच व कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया।
बीडीओ ने बताया कि निर्धारित समय में कार्य न किए जाने पर ग्राम विकास अधिकारियों का वेतन रोका था। आज आकर वेतन निकालने के लिए दबाव बनाने लगे। मैंने मना किया तो मेरे साथ अभद्रता की। पहले भी एक बार मेरे ऊपर जानलेवा हमला हो चुका है। पुलिस ने इसमें कोई कार्रवाई नहीं की। अब ग्राम विकास अधिकारियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। शनिवार को एसएसपी से मिलकर रिपोर्ट दर्ज कराऊंगा।
अवागढ़ में बीडीओ और ग्राम विकास अधिकारियों के मध्य विवाद हुआ है। मामले की जांच के लिए डीपीओ और डीपीआरओ की समिति बना दी है। इनकी रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. एके बाजपेयी, सीडीओ