एटा। तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। दुर्गाष्टमी के चलते फरियादी की संख्या कम ही नजर आई।
डीएम प्रेम रंजन सिंह और एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने तहसील एटा सदर में जनसमस्याएं सुनीं। अधीनस्थों से कहा कि शिकायताें के निस्तारण में सभी विभागीय अधिकारी संवेदनशील बनें। यदि फीडबैक खराब मिला तो संबंधित विभागीय अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ग्राम पंचायतो में सफाई व्यवस्था पर भी जोर दिया जाए, जलभराव की स्थिति न हो। यहां कुल 36 फरियादियों ने प्रार्थनापत्र प्रस्तुत किए, इनमें से 12 का मौके पर निस्तारण किया गया।
तहसील अलीगंज में एडीएम प्रशासन सत्य प्रकाश, एसडीएम विपिन कुमार, तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय ने लोगों की समस्याएं सुनीं। प्राप्त 13 में से 2 प्रार्थनापत्रों का मौके पर निस्तारण किया। तहसील जलेसर में एडीएम वित्त एवं राजस्व लालता प्रसाद शाक्य, एसडीएम भावना विमल, तहसीलदार राकेश कुमार को 14 फरियादियों ने प्रार्थनापत्र प्रस्तुत किए। इनमें से मौके पर 2 का निस्तारण किया गया। सदर तहसील में सीडीओ डाॅ. नागेंद्र नारायण मिश्र, सीएमओ डाॅ. यूके त्रिपाठी, डीडीओ प्रवीण कुमार राय, एसडीएम सदर जगमोहन गुप्ता, तहसीलदार संदीप सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।