एटा। सरकारी कार्यालयों में आने वाले कर्मियों को औपचारिक कपड़े पहनकर आने के निर्देश हैं। सीएमओ कार्यालय में सोमवार को 3 कर्मी जींस पहनकर चले आए। सीएमओ ने इनसे स्पष्टीकरण मांगते हुए वेतन रोकने की कार्रवाई की है।
सीएमओ डॉ. उमेश त्रिपाठी ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश हैं, कार्यालय में सभी अधिकारी व कर्मचारी औपचारिक कपड़े पहनकर आएं। जींस आदि को पहनकर न आएं। इसके संदर्भ में सभी कर्मियों को अवगत भी कराया जा चुका है। इसके बावजूद कर्मी जींस पहनकर कार्यालय आ रहे थे। कई कर्मियों को मना भी किया गया।
सोमवार को कार्यालय में मलेरिया निरीक्षक गजेंद्र कुमार, लिपिक सलमान जाफरी व डीपीएम मोहम्मद आरिफ जींस पहनकर आए। तीनों कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा है। इनका वेतन रोकने की कार्रवाई की है, जो भी कर्मी जींस पहनकर कार्यालय आएगा उसका वेतन रोका जाएगा।
अन्य कार्यालयों में भी नहीं होता पालन
ऐसा नहीं है कि उच्चाधिकारियों के यह निर्देश सीएमओ कार्यालय के अधिकारियों, कर्मियों के लिए ही हैं। आदेश सभी कार्यालयों के लिए है, लेकिन कर्मी मनमानी कर जींस आदि पहनकर अनुशासनहीनता करते हैं। अधिकारी उन पर कोई कार्रवाई नहीं करते। ठीक से जांच हो तो बड़ी संख्या में अन्य कार्यालयों में भी कर्मी जींस पहनकर कार्यालय आते मिल जाएंगे।