एटा। चैत्र नवरात्र के स्वागत के लिए बेताब श्रद्धालुओं से बाजारों की रौनक बढ़ गई है। गुरुवार सुबह से ही बाजारों में भीड़ रही। वहीं देर रात तक पूजा आदि की सामग्री खरीदते दिखाई दिए। इसके अलावा नवरात्र से पहले देवी मां के मंदिरों में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। घराें में भी पूजा कक्षों को सजाया संवारा गया।
गुुरुवार को मैनगंज स्थित पूजा सामग्री की दुकानों पर लोग माता की चुनरी पोशाक आदि खरीदते दिखाई दिए। वहीं हाथी गेट स्थित पूजा सामग्री की दुकान पर हवन कुंड, घंटी, मैया की मूर्ति आदि की मांग सर्वाधिक रही। धूप, अगरबत्ती आदि पूजा सामग्री की भी जमकर बिक्री हुई। वहीं बच्चों ने मैया के नाम के जय माता दी लिखे रिस्ट बैंड, कैप आदि खरीदे। पूर्व संध्या पर शहर के ठंडी सड़क स्थित काली मंदिर, माया पैलेस चौराहा स्थित जनता दुर्गा मंदिर, जेल रोड स्थित देवी मां का मंदिर, शांति नगर स्थित काली माता मंदिर, पथवारी मंदिर सहित आदि प्रमुख मंदिरों पर तैयारियां पूरी कर ली गई। भक्तों के सुविधा के लिए मंदिरों पर बेरीकेडिंग की भी व्यवस्था की गई है। सुबह से ही मंदिरों में जहां पूजा पाठ का दौर होगा वहीं शाम को कीर्तन आदि धार्मिक आयोजन भी होंगे। इसके अलावा घरों में भी नवरात्र के प्रथम दिन आयोजित होने वाले धार्मिक आयोजनों की तैयारियां की गई। बता दें के नवरात्र के पहले दिन मां की चौकी के साथ कलश स्थापना होती है। इसको लेकर बाजारों में भी खरीददारी की गई। ग्रामीण अंचलों में भी देवी मां के मंदिरों पर रंगाई पुताई की गई है।
एटा। शहर स्थित श्री कैलाश महादेव मंदिर के प्रमुख महंत पं. धीरेंद्र झा ने बताया कि कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त शुक्रवार को सूर्योदय से लेकर दोपहर एक बजे तक है। लेकिन अभिजित मुहूर्त में अगर सुबह साढ़े 11 से साढ़े 12 बजे तक कलश की स्थापना करें तो और भी अधिक शुभ रहेगा।
एटा। नवरात्र के दौरान जिलेभर में मां के जगरातों की धूम रहेगी। शहर में मौजूद दर्जनों जागरण पार्टियों के संचालकों की मानें तो नवरात्र से पहले ही बुकिंग फुल हो चुकी है। उनके पास नवरात्र के सभी दिनों में देवी जागरण करने की बुकिंग है। वहीं शहर के लोगों की मानें नवरात्र के दौरान दूसरे शहरों से भी जागरण की पार्टी जिले में मां का जगराता करेंगी।